रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
उत्तराखंड: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और ‘कैप्टन कूल’ के नाम से मशहूर Mahendra Singh Dhoni अपनी पत्नी Sakshi Dhoni और बेटी Ziva Dhoni के साथ मसूरी पहुंचे। उनके मसूरी आगमन की खबर मिलते ही प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े।
जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व प्रसिद्ध Woodstock School का दौरा किया। बताया जा रहा है कि वह अपनी बेटी जीवा के संभावित एडमिशन को लेकर स्कूल की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक माहौल का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान स्कूल प्रबंधन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
धोनी के मसूरी पहुंचने की जानकारी शुरुआत में बेहद गोपनीय रखी गई थी। यहां तक कि स्थानीय मीडिया को भी उनके दौरे की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। हालांकि सोशल मीडिया पर उनके वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद उनके मसूरी में होने की खबर तेजी से फैल गई।
सूत्रों के मुताबिक धोनी लाल टिब्बा क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं। जैसे ही यह सूचना सामने आई, होटल के बाहर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भारी भीड़ जुट गई। हजारों प्रशंसकों ने अपने पसंदीदा क्रिकेटर के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका स्वागत किया।
महेंद्र सिंह धोनी का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है। उनकी पत्नी साक्षी धोनी उत्तराखंड की मूल निवासी हैं और दोनों का विवाह भी देहरादून में संपन्न हुआ था। यही कारण है कि धोनी अक्सर अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर उत्तराखंड और विशेष रूप से मसूरी का रुख करते हैं।
धोनी की इस यात्रा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्रिकेट से संन्यास लेने के वर्षों बाद भी उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। मसूरी में उनके पहुंचते ही प्रशंसकों का उत्साह देखने लायक था।


