रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
देशभर में ईद पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में खरीदारी का माहौल है और लोग इस त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है, ताकि ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
इसी क्रम में देवभूमि उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर से एक अहम खबर सामने आई है। यहां स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने ईद को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कदम तेज कर दिए हैं। इसी उद्देश्य से जसपुर कोतवाली परिसर में अमन कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपजिलाधिकारी राहुल शाह, नगर उद्योग प्रांतीय व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह अरोड़ा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नौशाद सम्राट, जसपुर कोतवाल राजेंद्र सिंह दांगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक सहित पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, सभासद, ग्राम प्रधान, मौलवी, उलेमा और नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक के दौरान लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के सामने रखे। खास तौर पर ईद तक शहर में ई-रिक्शा संचालन बंद करने और ईद के दिन गांव नारायणपुर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था को लेकर भी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन सभी समस्याओं का जल्द समाधान करेगा और त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ ईद का त्योहार मनाएं।
साथ ही प्रशासन ने सख्त चेतावनी भी दी कि यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है या सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट साझा करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जसपुर में आयोजित इस अमन कमेटी बैठक का मुख्य उद्देश्य यही रहा कि ईद का त्योहार शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग के साथ मनाया जाए, जिससे समाज में एकता और भाईचारे का संदेश मजबूत हो सके।


