रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज ने रानीखेत रोड बस स्टेशन के पास नई पार्किंग बनाई। इसका उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कुमाऊं वन वृत्त के मुख्य वन संरक्षक डॉ. साकेत बडोला ने संयुक्त रूप से किया।
पार्किंग से होगी जाम की समस्या कम
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि लंबे समय से रानीखेत रोड पर पार्किंग की कमी थी। बस स्टेशन के पास रोज़ाना भारी वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनती थी। नई पार्किंग से अब अव्यवस्थित खड़े वाहनों की समस्या कम होगी और यातायात सुचारू रहेगा।
सुरक्षित और व्यवस्थित पार्किंग
डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि पार्किंग को व्यवस्थित तरीके से बनाया गया है और इसमें अधिक से अधिक वाहन सुरक्षित रूप से खड़े किए जा सकते हैं। चारपहिया वाहनों के लिए 50 रुपये और दोपहिया वाहनों के लिए 20 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
वन विभाग का कहना है कि इससे न केवल यातायात सुधरेगा, बल्कि शहर की सुंदरता और अनुशासन भी बना रहेगा। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि जाम की समस्या में राहत मिलेगी।
रिपोर्टर : आसिफ इक़बाल


