उत्तराखंड परिवहन निगम के चालक और परिचालकों ने अपनी लंबित वेतन और पीएफ (भविष्य निधि) की समस्या को लेकर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से मुलाकात की। कर्मचारियों ने अपनी आर्थिक परेशानियों को विस्तार से बताते हुए मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है, जबकि पांच महीनों से पीएफ का भुगतान भी लंबित है। ऐसे में लगातार काम करने के बावजूद उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से वे अपनी सेवाएं नियमित रूप से दे रहे हैं, लेकिन समय पर भुगतान न होने से उनके परिवारों का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों ने मंत्री से अपील की कि उनकी स्थिति को संवेदनशीलता से समझते हुए जल्द से जल्द बकाया वेतन और पीएफ का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
वहीं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने इस पूरे मामले को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा वेतन न देने की शिकायतें सामने आई हैं, जिस पर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंत्री के अनुसार, नया टेंडर जारी कर दिया गया है और जल्द ही संबंधित ठेकेदार की जमानत राशि जब्त कर कर्मचारियों का बकाया भुगतान कराया जाएगा।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।


