नैनीताल: सरोवर नगरी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा भवाली सेनेटोरियम के नजदीक नैनीबेंड बाईपास पर हुआ, जहां दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर के बाद एक वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
मिली जानकारी के अनुसार, रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही एक बलिनो कार और कैंची की ओर जा रही स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलिनो कार अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बलिनो कार सवार 36 वर्षीय दीपक बिष्ट, निवासी ग्राम खनिया (रानीखेत), गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सावधानी बढ़ाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


