ऋषिकेश से आज पवित्र चार धाम यात्रा का औपचारिक शुभारंभ होने जा रहा है। यात्रा की शुरुआत को लेकर ट्रांजिट कैंप कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री धामी श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत करेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर पूरी तैयारी कर ली है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यात्रा मार्ग पर हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के शामिल होने की भी संभावना है, जिससे आयोजन की अहमियत और बढ़ जाती है।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं का दल यात्रा मार्ग पर रवाना होगा। चार धाम यात्रा की शुरुआत से स्थानीय ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों और व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को और मजबूत किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है।


