रिपोर्टर: अश्वनी दीक्षित
सितारगंज में आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों, सेविकाओं और मिनी कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। नवीन मंडी परिसर में पिछले 24 दिनों से धरना जारी है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी मांगों को लेकर डटी हुई हैं।
धरने के दौरान मौजूद चंद्रावती ने बताया कि उनकी मांगें लंबे समय से सरकार के सामने रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्तियों की मुख्य मांग है कि उन्हें कम से कम 18,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए, ताकि वे बेहतर तरीके से अपना जीवन यापन कर सकें। इसके अलावा, उन्होंने यह भी मांग रखी कि उनसे केवल उनके विभाग से जुड़े कार्य ही कराए जाएं।
कार्यकर्तियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं होती हैं, तो 28 तारीख को प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। धरना स्थल पर कांग्रेस नेता करण जंग भी पहुंचे और उन्होंने कार्यकर्तियों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का मानदेय बढ़ाया जाना चाहिए और उनकी सभी जायज मांगों को सरकार को जल्द पूरा करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है।
इस दौरान कार्यकर्तियों ने प्रशासन को भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। धरना स्थल पर सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं। साथ ही पूर्व चेयरमैन नवतेज पाल और हरीश दुबे भी मौके पर पहुंचे और समर्थन जताया।


