सरोवर नगरी नैनीताल से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन के दम पर एक छात्र ने बड़ी सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
भारतीय शहीद सैनिक स्कूल, नैनीताल के मेधावी छात्र सुमित फर्त्याल ने उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में 92.4% अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने राज्य स्तर पर 25वां स्थान हासिल किया और टॉपर सूची में अपना नाम दर्ज कराया।
शहर का इकलौता टॉपर
सुमित फर्त्याल नैनीताल शहर के इंटरमीडिएट कॉलेजों में एकमात्र छात्र हैं, जिन्हें इस वर्ष टॉपर सूची में स्थान मिला है। उनकी इस सफलता से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है।
साधारण परिवार, असाधारण उपलब्धि
सुमित नैनीताल के स्टाफ हाउस क्षेत्र के निवासी हैं। उनके पिता चंदन फर्त्याल मल्लीताल स्थित रॉयल किचन ढाबा में कुक के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता कमला फर्त्याल पोस्ट ऑफिस में आरडी एजेंट हैं।
तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े सुमित ने अपनी कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।
मर्चेंट नेवी में जाने का लक्ष्य
सुमित का सपना मर्चेंट नेवी में जाना है, जिसके लिए वे तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया।
क्षेत्र में जश्न का माहौल
सुमित की इस उपलब्धि पर स्नो व्यू वार्ड और स्टाफ हाउस वार्ड के सभासदों ने उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


