रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में खनन माफिया की दबंगई एक बार फिर सामने आई है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घोसीपुरा में शुक्रवार देर रात एक युवक के साथ कथित रूप से खनन माफिया द्वारा मारपीट की गई। इस घटना में पीड़ित को चोटें आई हैं, वहीं आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
पीड़ित ने घटना के बाद तुरंत मंगलौर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम घोसीपुरा निवासी हाकम सिंह के अनुसार, क्षेत्र में अवैध खनन का विरोध करने वालों को लगातार धमकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन माफिया विरोध करने वाले लोगों के साथ मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन और कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


