रिपोर्ट: अरशद हुसैन
रुड़की: भीषण गर्मी के बीच उत्तराखंड के रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में शनिवार को एक कबाड़ गोदाम में अचानक आग लग गई। यह घटना टाटा धर्म कांटे के पास हुई, जहां आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ऊंची-ऊंची लपटें आसमान तक पहुंचने लगीं। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को खबर दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मौके के पास जाना भी मुश्किल हो रहा था, लेकिन फायर ब्रिगेड के जवानों ने बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग को फैलने से रोक दिया।
फायर टीम की तत्परता के कारण आसपास के अन्य गोदाम सुरक्षित रहे और बड़ा नुकसान टल गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।


