रिपोर्टर: रितिक अग्रवाल
डोईवाला क्षेत्र के गडूल गांव के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से जंगली जानवरों, खासकर हाथियों द्वारा किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब निजात मिलने जा रही है।
थानों वन क्षेत्र के अंतर्गत वन विभाग ने संवेदनशील इलाकों में सौर ऊर्जा आधारित इलेक्ट्रिक फेंसिंग (तार बाड़) स्थापित कर दी है। यह कदम उन स्थानों पर उठाया गया है जहां से अक्सर हाथी जंगल से निकलकर खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे थे।
ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए की गई इस पहल से अब खेतों की सुरक्षा मजबूत होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलेक्ट्रिक फेंसिंग लगने के बाद फसलों को होने वाला नुकसान काफी हद तक कम हो जाएगा। साथ ही, जंगली हाथियों की आबादी वाले क्षेत्रों में आवाजाही पर भी रोक लगेगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है और ग्रामीणों ने विभाग के प्रति आभार जताया है। उनका मानना है कि यह कदम न केवल किसानों की आजीविका को सुरक्षित करेगा, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को भी कम करने में मददगार साबित होगा।


