देहरादून में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने मेहुवाला क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर जांच की। जांच के दौरान मेहुवाला माफी, ईंट भट्टा क्षेत्र के पास “श्रीराम इन्क्लेव” नाम से करीब 10 बीघा भूमि पर बिना किसी स्वीकृति के प्लॉटिंग किए जाने की पुष्टि हुई। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए MDDA ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को गिरा दिया।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अब सेक्टर वाइज टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कर रही हैं।
MDDA का कहना है कि इस सख्ती का उद्देश्य शहर के अनियोजित विकास को रोकना और देहरादून को व्यवस्थित व योजनाबद्ध तरीके से विकसित करना है। साथ ही, आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे बिना स्वीकृति वाले प्लॉट या कॉलोनी में निवेश करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।


