संवाददाता: सागर रस्तोगी
मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। शिवपुरी चौकी पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान हरियाणा नंबर की एक कार को सीज करते हुए चार पर्यटकों को हिरासत में लिया।
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत चौकी प्रभारी विनोद कुमार की टीम ने नियमित वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोका। जांच में सामने आया कि टाटा पंच कार का चालक गजेंद्र नशे की हालत में वाहन चला रहा था।
इसके अलावा, कार में सवार अन्य तीन युवक सार्वजनिक मार्ग पर शोर-शराबा कर रहे थे और लोगों को परेशान कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ चालान किया और वाहन को सीज कर शिवपुरी चौकी में खड़ा कर दिया।
वहीं, अन्य तीनों युवकों को शांति भंग करने और उत्पात मचाने के आरोप में पुलिस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे में वाहन न चलाएं और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें।


