रिपोर्टर: ललित जोशी
सरोवर नगरी नैनीताल एक बार फिर पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार हो गई है। शुक्रवार से ही यहां पर्यटकों के आने का सिलसिला लगातार जारी है, जिसके चलते शहर में अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। पहाड़ी मौसम, ठंडी हवाएं और प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को लगातार आकर्षित कर रहे हैं।
बाबा नीम करौली महाराज धाम मंदिर में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का तांता लगा हुआ है। मौसम के सामान्य रहने के बावजूद आसमान में बादल, हल्का कोहरा और ठंडी हवाओं ने पूरे क्षेत्र को और अधिक मनमोहक बना दिया है। इसी वजह से पर्यटक नैनीताल झील में नौकाविहार का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों स्नोव्यू, देव मंदिर, हिमालय दर्शन, माँ नैना देवी मंदिर, हनुमान गढ़, न्याय के देवता गोलज्यू मंदिर के साथ-साथ भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल और सरियाताल जैसे क्षेत्रों में भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों पर पुलिसकर्मी सुबह से ही प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर रही है, ताकि किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन व पर्यटकों को परेशानी न उठानी पड़े।
जहां एक ओर मैदानी और तराई क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं नैनीताल और आसपास के इलाकों में ठंडी हवाएं पर्यटकों को राहत और सुकून दे रही हैं। यही कारण है कि लोग यहां “ठंडी हवाओं के लिए नैनीताल चले आओ” का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
शनिवार और रविवार को पर्यटकों की भीड़ और अधिक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि मौसम फिलहाल सामान्य है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण नैनीताल के मौसम पर कभी भी बदलाव की स्थिति बन सकती है।


