रिपोर्टर: ललित जोशी
सरोवर नगरी नैनीताल में मई के पहले सप्ताह में अचानक मौसम ने खतरनाक रूप ले लिया। तेज हवाओं के साथ हुई भारी ओलावृष्टि ने पूरे क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित कर दिया।
सुबह तक मौसम सामान्य बना हुआ था और आसमान में हल्के बादल छाए हुए थे। लेकिन दोपहर करीब 12 बजे के बाद मौसम ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के साथ जमकर ओलावृष्टि शुरू हो गई, जिससे कुछ ही समय में पूरे इलाके में अंधेरा छा गया और हालात भयावह हो गए।
इस दौरान बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ, जिसके कारण संचार व्यवस्था बाधित रही।
तेज हवाओं और ओलावृष्टि के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड बढ़ने लगी। खास बात यह है कि इस समय नैनीताल और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद हैं, जो इस अचानक बदले मौसम से प्रभावित हुए।
ओलावृष्टि के बाद भी बारिश का दौर जारी है, जिससे हालात सामान्य होने में समय लग सकता है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


