संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की में तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक रूप देखने को मिला, जहां एक कार चालक ने सड़क पर ऐसा तांडव मचाया कि कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, एक i10 कार बीएसएम की ओर से मालवीय चौक की तरफ तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया और बीएसएम लॉ कॉलेज के सामने एक अपाची बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत पास के हेमंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद भी आरोपी चालक नहीं रुका। उसने कार को और तेज दौड़ाते हुए शेखपुरी की ओर मुड़ रही एक अन्य गाड़ी को भी टक्कर मार दी, जिससे वह वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मालवीय चौक के पास कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक नशे की हालत में था और कार में एक युवती भी मौजूद थी।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की पहचान सोरन थापा के रूप में हुई है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है, जिससे न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।


