रिपोर्टर: सुभाष चंद
उत्तराखंड के खटीमा (ऊधम सिंह नगर) में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पूर्व सैन्य अधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर युवाओं से योजना के विरोध में एकजुट होने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल सिंह गड़िया और बलवीर पंवार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कर्नल नेगी का केंद्र सरकार पर तीखा हमला
खटीमा पहुंचे कर्नल नेगी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस योजना का शुरू से ही सड़क से लेकर सदन तक विरोध कर रही है।
कर्नल नेगी ने अग्निवीर योजना को युवाओं के भविष्य के साथ “बड़ा अन्याय” बताया। उन्होंने कहा कि चार साल की अल्पकालिक सेवा के बाद युवाओं का भविष्य अनिश्चित हो जाता है, जिससे उनमें असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और स्थायी रोजगार के अवसर भी कम हो रहे हैं।
सेना की परंपरा पर असर का आरोप
कर्नल नेगी ने यह भी कहा कि यह योजना सेना की पारंपरिक मजबूती, अनुभव और दीर्घकालिक दक्षता पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने उत्तराखंड का जिक्र करते हुए भावुक होकर कहा कि यहां के युवाओं के लिए सेना सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि “परंपरा और सम्मान” का प्रतीक है, जिसे यह योजना कमजोर कर रही है।
हस्ताक्षर अभियान जारी रखने की घोषणा
इस मौके पर विचार मंच बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के आर.पी. ध्यानी भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि यह हस्ताक्षर अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार युवाओं की मांगों और चिंताओं पर ध्यान नहीं देती।


