रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून पुलिस ने अंतर्राज्यीय ठग गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। आरोपी खुद को कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताकर नेताओं और जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाता था। अब तक वह कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।
महिला जनप्रतिनिधि से 25 लाख की ठगी
3 मई को भावना पांडे ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कनिष्क सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ नेता का निजी सचिव बताया और उत्तराखंड में सर्वे व पार्टी में अहम पद दिलाने का झांसा दिया।
आरोपी ने 25 लाख रुपये की मांग की और 13 अप्रैल को अपने एक साथी को राजपुर रोड स्थित आवास पर भेजकर नकद रकम ले ली।
भावना पांडे ने बताया कि शुरुआत में उन्हें आरोपी पर भरोसा हो गया था, लेकिन बाद में शक होने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
पैसिफिक मॉल से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी कई बड़े नेताओं के संपर्क में था और जाखन स्थित पैसिफिक मॉल में एक अन्य व्यक्ति से पैसे लेने आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर (पंजाब) निवासी कनिष्क उर्फ गौरव कुमार को जाखन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
कई राज्यों में फैला ठगी का नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं—
- 2017 में जयपुर (राजस्थान) में दो नेताओं से विधायक टिकट दिलाने के नाम पर ₹1.90 करोड़ और ₹12 लाख की ठगी
- 2025 में पटना (बिहार) में एक नेता से पार्टी में पद दिलाने के नाम पर ₹3 लाख वसूले
- अन्य राज्यों में भी इसी तरह कई लोगों को झांसा देकर मोटी रकम ऐंठी
पुलिस अब उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और अलग-अलग राज्यों से आपराधिक रिकॉर्ड मंगाए जा रहे हैं।
गणेश गोदियाल का बयान, SIT जांच की मांग
इस पूरे मामले पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है, ऐसे में पूरे मामले की SIT जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने यह भी बताया कि उनके पास भी ऐसे संदिग्ध कॉल आए थे, लेकिन उन्होंने उन पर ध्यान नहीं दिया। साथ ही उन्होंने नेताओं को ऐसे ठगों से सतर्क रहने की सलाह दी।
बात करते हुए गणेश गोदियाल भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी में कोई और मजबूत नेता अध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त है, तो उसे जिम्मेदारी दी जा सकती है।


