रिपोर्टर: सचिन कुमार
पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में तीन दिन तक विजय उत्सव मनाने जा रही है। पार्टी की ओर से प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली जीत को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इस खुशी को संगठन के हर स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर जोर
भाजपा के अनुसार, तीन दिवसीय कार्यक्रमों में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पार्टी संगठन विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क और विजय उत्सव कार्यक्रमों का आयोजन करेगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
नवीन ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अंदरूनी गुटबाजी और नेतृत्व विवाद से घिरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बनने को लेकर पैसों की राजनीति हो रही है, जबकि भाजपा विकास और जनता के मुद्दों पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों और मजबूत संगठन के दम पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।


