रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
उधम सिंह नगर के जसपुर में किसानों ने खाद संकट को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। बहुउद्देशीय जसपुर किसान सेवा सहकारी समिति के संचालकों ने समिति अध्यक्षा श्रीमती किरनबाला के नेतृत्व में मुख्यमंत्री उत्तराखंड के नाम ज्ञापन सौंपकर यूरिया, एनपीके और डीएपी पर लगाई गई सीमा को तत्काल हटाने की मांग की।
किसानों का कहना है कि मुख्य कृषि अधिकारी देहरादून द्वारा जारी आदेश के तहत प्रति एकड़ केवल एक कट्टा यूरिया और अधिकतम पांच बैग यूरिया देने की सीमा तय की गई है, जो खेती की जरूरतों के अनुसार बेहद कम है।
समिति अध्यक्षा प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि गन्ना, मक्का और धान जैसी फसलों में यूरिया की अधिक आवश्यकता होती है। खरीफ सीजन नजदीक आने के साथ उर्वरकों की मांग तेजी से बढ़ेगी और ऐसे में निर्धारित सीमा किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है।
किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द फैसला वापस नहीं लिया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान किसानों ने अधिकारियों से समस्या का तत्काल समाधान निकालने की मांग भी की।


