रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
उधम सिंह नगर के जसपुर में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क की बदहाल स्थिति ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। काशीपुर-जसपुर मार्ग पर बने इस पार्क में शराब की बोतलें, बीयर के कैन और अवैध कच्ची शराब की पन्नियां मिलने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
पार्क में फैली गंदगी और शराब की बोतलों से खुली पोल
मामला उस समय सामने आया जब भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजकुमार सिंह चौहान अपने साथियों के साथ औचक निरीक्षण के लिए पार्क पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पार्क की बेंचों और परिसर में शराब की खाली बोतलें, ग्लास, पानी की बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बिखरी मिली।
पार्क की यह स्थिति साफ दर्शाती है कि यहां सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था बेहद कमजोर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क अब घूमने और व्यायाम करने की जगह न रहकर शराबियों और शरारती युवकों का अड्डा बन गया है।
महिलाओं और परिवारों ने पार्क आना किया कम
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पहले सुबह-शाम बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पार्क में टहलने और व्यायाम के लिए आते थे। लेकिन हाल ही में गुलदार की दस्तक की खबरों और पार्क में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों के चलते लोगों ने यहां आना कम कर दिया है।
इसी का फायदा उठाकर शरारती तत्वों ने पार्क को नशे की शरणस्थली में बदल दिया।
भाजपा नेता ने जताई नाराजगी
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजकुमार सिंह चौहान ने पार्क की दुर्दशा पर नाराजगी जाहिर करते हुए नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर प्रशासन को गंभीर कदम उठाने चाहिए।
वहीं नगर पालिका अधिशासी अधिकारी उदयवीर सिंह ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


