रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
नैनीताल जनपद में 22 वर्षों तक राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे ताराचंद घिल्डियाल ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेकर अब सामाजिक और राजनीतिक जागरूकता के क्षेत्र में काम करने का निर्णय लिया है।
ताराचंद घिल्डियाल ने बताया कि वर्ष 2003 से वह राजस्व विभाग में सेवाएं दे रहे थे और 30 अप्रैल 2026 को उनका वीआरएस आवेदन स्वीकृत हो गया। सेवानिवृत्ति के बाद अब वह पूरी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी संस्था “नेकी की दीवार” पहले से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय है और अब इसे और मजबूत किया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने ‘नेकी प्रहरी विंग’ की शुरुआत की घोषणा की।
इस विंग के तहत विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ स्तर पर प्रहरी संयोजक नियुक्त किए जाएंगे, जो स्थानीय समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
ताराचंद घिल्डियाल ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और राजनीतिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को अपने अधिकारों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि ‘नेकी प्रहरी विंग’ के माध्यम से जनता से फीडबैक लेकर उसे सरकार और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर बेहतर काम हो सके।


