संवाददाता: वाचस्पति रयाल
नरेंद्रनगर में निर्माणाधीन सीवर लाइन की खामियों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल ने लोक निर्माण विभाग, जल निगम और पालिका अधिकारियों के साथ तहसील परिसर में बैठक कर कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
जगह-जगह टूट रहे गड्ढे और चेंबर
बैठक के दौरान एसडीएम आशीष घिल्डियाल और वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के प्रतिनिधि विनोद गंगोटी ने अधिकारियों को बताया कि सीवर लाइन निर्माण के बाद बनाए गए गड्ढे कई स्थानों पर टूट रहे हैं।
इसके अलावा, चेंबरों पर लगाए गए ढक्कन भी वाहनों के दबाव के कारण क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
बरसात में सड़क पर फैल रहा पानी
अधिकारियों को बताया गया कि सीवर लाइन निर्माण के चलते कई जगह सड़क किनारे नालियां बंद हो गई हैं, जिससे बरसात का पानी सड़कों पर फैल रहा है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक सप्ताह में सुधार के निर्देश
एसडीएम आशीष घिल्डियाल ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बरसात शुरू होने से पहले सड़क किनारे क्षतिग्रस्त पुश्तों की मरम्मत और सभी तकनीकी खामियों को एक सप्ताह के भीतर ठीक किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में कार्य पूरा नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
- विनोद गंगोटी
- उपेंद्र पुंडीर
- लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता
- जल निगम के अधिकारी
- सहायक अभियंता, अवर अभियंता
- पालिका के अधिशासी अधिकारी
सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


