रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। भवाली से कैंची धाम की ओर पैदल जा रहे एक पर्यटक की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
200 मीटर गहरी खाई में गिरा युवक
जानकारी के अनुसार अनुराग बाजपेयी (28) पुत्र कृष्ण कुमार बाजपेयी निवासी मोसमद्दी, लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश भवाली से कैंची धाम की ओर पैदल यात्रा कर रहा था। देर रात निगलाट क्षेत्र के पास अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली लाया गया।
सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि खाई में गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
मामले में एसएसआई आसिफ खान ने बताया कि शव को मोर्चरी में रख दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।


