रिपोर्टर: आसिफ इकबाल | रामनगर
रामनगर वन प्रभाग के रिंगोड़ा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब कोसी नदी में एक महीने के हाथी के बच्चे का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रामनगर भेज दिया।
नदी में तैरता मिला हाथी का शव
जानकारी के मुताबिक, रिंगोड़ा क्षेत्र के अपर कोसी बीट में कुछ स्थानीय लोगों ने नदी में एक हाथी के बच्चे का शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही रामनगर रेंज के रेंज अधिकारी शेखर तिवारी वनकर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को जांच के लिए रामनगर लाया गया।
करीब एक महीने का बताया जा रहा है हाथी का बच्चा
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि विभाग को बुधवार को सूचना मिली थी कि कोसी नदी में हाथी के बच्चे का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग के अनुसार, मृत हाथी के बच्चे की उम्र करीब एक महीने के आसपास आंकी जा रही है।
शरीर पर मिले टाइगर के पंजों के निशान
प्रारंभिक जांच में हाथी के बच्चे के शरीर पर टाइगर के पंजों जैसे गहरे घाव दिखाई दिए हैं। इसके आधार पर वन विभाग टाइगर के हमले की आशंका जता रहा है।
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
जांच में जुटा वन विभाग
फिलहाल वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हाथी के बच्चे की मौत टाइगर के हमले से हुई या इसके पीछे कोई और कारण है।


