रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। खासकर नैनी झील में नौकाविहार का आनंद लेने के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा है। झील किनारे बड़ी संख्या में पर्यटक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय कारोबारियों और दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों में रौनक लौट आई है।
नैनीताल आने वाले पर्यटक Snow View Point, Naina Devi Temple, Hanuman Garhi, Ghorakhal Temple, Kainchi Dham, Sattal, Bhimtal, Naukuchiatal, चिड़ियाघर और केव गार्डन जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी रुख कर रहे हैं। इन सभी स्थानों पर पर्यटकों की लगातार आवाजाही बनी हुई है।
शहर में बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए प्रशासन ने कई प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
वहीं दूसरी ओर, इस बार अपेक्षाकृत कम बारिश होने के कारण नैनी झील का जलस्तर लगातार घट रहा है। जल स्रोतों में भी पानी की कमी महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में तराई और मैदानी इलाकों की तरह भीषण गर्मी पड़ी, तो सरोवर नगरी और आसपास के क्षेत्रों में पानी की किल्लत बढ़ सकती है।
सूत्रों के अनुसार, इन दिनों नैनीताल का तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि अभी मौसम पूरी तरह गर्म नहीं हुआ है, लेकिन सुबह और शाम भी हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। देर रात भी गर्मी का असर लोगों को परेशान कर रहा है।
इधर Kainchi Dham में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आगामी 15 जून को बाबा नीम करौली महाराज के स्थापना दिवस समारोह को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।


