देहरादून जिले के हरीपुर कालसी में निर्माणाधीन उत्तराखंड के पहले विशाल जमुना घाट का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर हाल में जुलाई 2026 तक घाट निर्माण का कार्य पूरा किया जाए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री धामी ने वर्ष 2024 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया था। राज्य सरकार की पहल पर हरीपुर कालसी को दोबारा एक प्रमुख धार्मिक तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस परियोजना के लिए Mussoorie Dehradun Development Authority (एमडीडीए) को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जो घाट निर्माण और परियोजना की निगरानी कर रही है।
उत्तराखंड में यमुना नदी का उद्गम यमुनोत्री धाम से होने के बावजूद अब तक ऐसा कोई विकसित घाट नहीं था जहां श्रद्धालु स्नान कर सकें। मुख्यमंत्री धामी ने इस आवश्यकता को देखते हुए इसे अपनी घोषणाओं में शामिल किया और भव्य जमुना घाट के निर्माण का निर्णय लिया।
करीब एक किलोमीटर लंबे इस घाट को उत्तराखंड में जमुना नदी के पहले प्रमुख घाट के रूप में पहचान मिलेगी। यहां हजारों श्रद्धालु धार्मिक स्नान और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
ऐतिहासिक महत्व से जुड़ा है हरीपुर कालसी
इतिहासकारों और प्राचीन ग्रंथों के अनुसार, हरीपुर का जमुना घाट कभी एक बड़ा धार्मिक तीर्थ स्थल हुआ करता था, जो समय के साथ प्रलयंकारी बाढ़ में नष्ट हो गया। मुख्यमंत्री धामी ने इस प्राचीन तीर्थ को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया और यहां भव्य घाट निर्माण की शुरुआत करवाई।
हरीपुर कालसी का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व भी विशेष माना जाता है। यह क्षेत्र कृष्ण कालखंड, सम्राट अशोक के शिलालेख और दशम सिख गुरु Guru Gobind Singh के बाल्यकालीन युद्ध प्रशिक्षण से जुड़ा रहा है। इसके अलावा यहां स्थित सदियों पुराना अश्वमेध यज्ञ स्थल भी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की देखरेख में संरक्षित है।
सीएम धामी का बयान
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि राज्य सरकार हरीपुर जमुना घाट को एक बड़े धार्मिक धाम के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जौनसार-बावर क्षेत्र और कृष्ण-जमुना भक्ति में आस्था रखने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगी।
सीएम धामी ने बताया कि आगामी बजट में भी इस परियोजना के लिए धन आवंटित किया गया है और प्रशासन को जुलाई तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
25 फीट ऊंची जमुना जी की प्रतिमा लगाने की तैयारी
हरीपुर जमुना घाट के पास पुराने पुल के पिलर पर 25 फीट ऊंची जमुना जी की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। इसके लिए लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति ने गुजरात के मूर्तिकारों को आमंत्रित किया है और जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है।
समिति को घाट के समीप विशाल मंदिर निर्माण के लिए भूमि दान स्वरूप प्राप्त हुई है, जिस पर भविष्य में धार्मिक परिसर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।


