उत्तराखंड की चारधाम यात्रा केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भक्ति और संकल्प की मिसाल भी बनती जा रही है। इन दिनों प्रदेश की सड़कों पर शिवभक्ति की ऐसी ही एक अनोखी तस्वीर देखने को मिल रही है, जहां एक युवा हाथ में डमरू और त्रिशूल लिए “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ पैदल चारधाम यात्रा पर निकला है।
तेज धूप, लगातार बारिश और पहाड़ों की कठिन चढ़ाई भी इस शिवभक्त के हौसले को डिगा नहीं पा रही। हर परिस्थिति में वह पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ अपनी मंज़िल की ओर बढ़ रहा है। उसके कदमों में थकान नहीं, बल्कि चेहरे पर केवल भोलेनाथ के प्रति अटूट भक्ति दिखाई देती है।
युवा का कहना है कि उसकी इस पैदल यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक यात्रा करना नहीं, बल्कि गौमाता को “राष्ट्र माता” का दर्जा दिलाने के लिए लोगों को जागरूक करना भी है। वह यात्रा के दौरान लोगों को गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति के महत्व का संदेश दे रहा है।
चारधाम यात्रा मार्ग पर यह अनोखी शिवभक्ति श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। हर कोई इस युवा के जज़्बे और समर्पण की सराहना कर रहा है।


