रिपोर्टर: नितिन अग्रवाल
भाजपा सरकार और विधायक पर कांग्रेस का हमला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल ने यमकेश्वर विधानसभा को प्रदेश की सबसे उपेक्षित विधानसभा बताते हुए भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से यमकेश्वर में भाजपा की महिला विधायक रही हैं, लेकिन क्षेत्र में विकास कार्यों की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है।
विनोद डबराल ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों ने केवल सरकार बनाने में अपनी भूमिका निभाई, जबकि क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर जनता लगातार परेशान है, लेकिन सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।
डबल इंजन सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है और क्षेत्र की जनता अब भाजपा की कार्यशैली को समझ चुकी है। डबराल ने दावा किया कि यमकेश्वर के कई भाजपा कार्यकर्ता भी क्षेत्र की उपेक्षा से नाराज हैं और आने वाले समय में कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता अब विकासहीनता और उपेक्षा का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में क्षेत्र की जनता भाजपा से हिसाब लेने का काम करेगी।


