उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित हीट वेव को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और राहत एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देहरादून का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। खासतौर पर जौलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्र भीषण गर्मी और लू की चपेट में रह सकते हैं।
डीएम सविन बंसल ने स्वास्थ्य, नगर निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग और आपदा प्रबंधन सहित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश भी जारी किए हैं। साथ ही अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को हीट स्ट्रोक एवं गर्मी से जुड़ी आपात स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि तेज धूप और लू के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।


