रुड़की में “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम में हंगामा, वायरल वीडियो के बाद बढ़ी सियासी सरगर्मी

Date:

रिपोर्ट: अरशद हुसैन

रुड़की के झबरेड़ी खुर्द गांव में आयोजित “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल और कुछ ग्रामीणों के बीच तीखी बहस के बाद जमकर हंगामा हो गया। धक्का-मुक्की, आरोप-प्रत्यारोप और मंत्री के हाथ में ईंट लेकर आगे बढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी खुर्द गांव में राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल बहुद्देश्यीय शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि एक युवक द्वारा मोबाइल फोन पर भीम आर्मी से जुड़ा गाना बजाने और नारेबाजी करने के बाद विवाद शुरू हुआ।

आरोप है कि इससे नाराज होकर मंत्री ने युवक का मोबाइल छीन लिया और उसका कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद मंत्री समर्थकों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। वायरल वीडियो में राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल हाथ में ईंट लेकर ग्रामीणों की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी वैजयंती माला भी मौके पर मौजूद थीं और एक युवक के साथ उनकी बहस होती नजर आई।

इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी के नेता महक सिंह ने आरोप लगाया कि मंत्री और उनके समर्थकों ने सत्ता के प्रभाव में उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट की है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है और इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

वहीं राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर कार्यक्रम का माहौल खराब करने पहुंचे थे। उनके अनुसार युवक तेज आवाज में राजनीतिक गाने बजाकर और नारेबाजी कर कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न कर रहा था। मंत्री ने दावा किया कि उनके साथ मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई।

मंत्री की पत्नी वैजयंती माला ने भी आरोप लगाया कि युवाओं को भड़काया जा रहा है और बीच-बचाव करने आए ड्राइवर के साथ मारपीट की गई।

पूरा मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ चुका है। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

कुमाऊं विश्वविद्यालय में कुलपति और संकायाध्यक्षों के साथ हुई उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार पर चर्चा

रिपोर्ट : ललित जोशी उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत...

कैची धाम के पास खतरनाक स्टंटबाजी, पुलिस ने दिल्ली निवासी युवक का किया चालान

रिपोर्ट: ललित जोशी सरोवर नगरी नैनीताल से दूर भवाली-अल्मोड़ा मार्ग...