रिपोर्ट: ललित जोशी
विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैची धाम में इन दिनों भारी भीड़ के चलते लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। सुबह से ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम अब आम समस्या बनता जा रहा है। वहीं नैनीताल से करीब 15 किलोमीटर दूर भवाली-अल्मोड़ा मार्ग स्थित कैची धाम में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के कारण सड़क पर घंटों लंबा जाम लग रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा जाम से राहत दिलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नाकाफी नजर आ रही हैं। सुबह से ही केवल एक-दो पुलिसकर्मियों के भरोसे यातायात व्यवस्था संभाली जा रही है, जिसके कारण हालात और बिगड़ रहे हैं।
कैची धाम मार्ग पर्वतीय क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता भी है। इसी मार्ग से दोपहिया और चौपहिया वाहन गुजरते हैं। लगातार लग रहे जाम के कारण कई यात्री अपने गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों द्वारा गलत तरीके से वाहन चलाने और सड़क किनारे वाहनों को खड़ा करने से भी ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्कूल, कार्यालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए यात्रा करने वाले स्थानीय लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि आगामी 15 जून को बाबा नीम करौली महाराज का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। हर वर्ष इस अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु कैची धाम पहुंचते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि यदि अभी से यातायात व्यवस्था मजबूत नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि स्थापना दिवस से पहले ट्रैफिक प्रबंधन के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को राहत मिल सके।


