रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। मूसलाधार बारिश, तेज हवाओं और बिजली की गर्जना के साथ हुई जबरदस्त ओलावृष्टि ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।
सुबह तक आसमान साफ था और बाहरी राज्यों से आए पर्यटक झील में नौकाविहार का आनंद ले रहे थे, लेकिन अचानक मौसम बिगड़ने के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सभी को इधर-उधर भागकर सुरक्षित स्थानों की तलाश करनी पड़ी।
ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में ओलों की मोटी परत जमने से ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पहाड़ों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली हो। वहीं, नालियों के बंद होने के कारण बारिश और ओलावृष्टि का पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई।
ओलावृष्टि के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और ठंड बढ़ गई है। समाचार लिखे जाने तक नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी था। शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और आसमान में लगातार बिजली की तेज गर्जना सुनाई दे रही है।


