रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: जनपद नैनीताल के कालाढूंगी क्षेत्र में आबादी वाले इलाके में प्रस्तावित शराब की दुकान के खिलाफ स्थानीय लोगों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया और प्रशासन से शराब की दुकान को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संबंधित शराब की दुकान को पहले किसी अन्य स्थान पर खोला गया था, लेकिन स्थानीय विरोध के चलते उसे वहां से हटाकर कालाढूंगी के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि आबादी के बीच शराब की दुकान खोले जाने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा और इससे युवाओं तथा महिलाओं पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर आबादी वाले क्षेत्र में शराब की दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी। आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन भी मिल रहा है। साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी प्रदर्शन में भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों ने जिला अधिकारी, आबकारी अधिकारी और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शराब की दुकान का लाइसेंस निरस्त करने तथा दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। उनका कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में शराब की दुकान का आवंटन जनहित के विपरीत है और प्रशासन को इस मामले में जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
धरना-प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य अरनव कम्बोज, हरिओम तिवारी, कमल अधिकारी सहित नेहा पंत, किरन जोशी, कमला देवी, गीता जोशी और सैकड़ों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए आबादी क्षेत्र से शराब की दुकान को तत्काल हटाया जाए, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


