रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: विश्व धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान समाजसेविका एवं शिक्षिका सुनीता जोशी के नेतृत्व में साथी संगठन और महिला समूह ‘गौरा महेश्वर’ की ओर से जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के तहत महिलाओं और युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों को लेकर एक प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि धूम्रपान और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।
इस अवसर पर शिक्षिका एवं समाजसेविका सुनीता जोशी ने लोगों से नशे की आदतों को छोड़कर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन अत्यंत अमूल्य है और इसे नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर ही बेहतर बनाया जा सकता है।
सुनीता जोशी ने कहा कि एक स्वस्थ, जागरूक और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति बेहद आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे नशे से दूरी बनाकर समाज के जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।


