रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल स्थित लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल ने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण, हरित पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर ने भी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत चंदन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का संकल्प नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे हमारी जीवनशैली का स्थायी हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्या सहित लोकभवन के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी वृक्षारोपण कर अभियान में भागीदारी निभाई।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज को हरियाली की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।


