थराली: हंस फाउंडेशन सतपुली की ओर से शनिवार को रामलीला मैदान थराली में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन भोले जी महाराज एवं माता मंगला के आशीर्वाद तथा क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आंखों की जांच करवाई।
सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इस शिविर में लगभग 115 लोगों की ओपीडी दर्ज की गई। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों और चश्मों का वितरण भी किया गया।
शिविर के दौरान करीब 20 लोगों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई। हंस फाउंडेशन के चिकित्सकों ने बताया कि इन मरीजों का हंस फाउंडेशन जनरल अस्पताल में निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। इसके अलावा मरीजों के आने-जाने की व्यवस्था भी संस्था द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं। इससे जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो पा रही हैं।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह बिष्ट, दलबीर सिंह, राजेंद्र प्रसाद देवराड़ी तथा हंस फाउंडेशन सतपुली के दीपक गुसाईं सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


