रिपोर्ट। ललित जोशी
नैनीताल के राजकीय बीडी पांडे अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार युवक ने अस्पताल परिसर में मौजूद पीआरडी जवानों के साथ भी हाथापाई कर दी, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल मौके पर पहुंचीं और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। उनके हस्तक्षेप के बाद युवक का हंगामा शांत हुआ।
बताया जा रहा है कि उस दौरान अस्पताल में भाजपा के कुछ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे, जिन्होंने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं था। अंततः पुलिस को बुलाकर युवक को हिरासत में लिया गया।



