रिपोर्टर : आसिफ इक़बाल
रामनगर: जून की छुट्टियों के चलते इन दिनों रामनगर और कुमाऊं-गढ़वाल के पर्यटन स्थलों की ओर पर्यटकों का भारी दबाव बना हुआ है। नैनीताल, भवाली, रानीखेत, अल्मोड़ा समेत पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले हजारों वाहन प्रतिदिन रामनगर से होकर गुजर रहे हैं,ऐसे संवेदनशील समय में राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर लोक निर्माण विभाग कार्यालय भरतपुरी रामनगर के समीप एनएच विभाग द्वारा नेशनल हाईवे 309 पर पुलिया निर्माण एवं खुदाई कार्य शुरू कर दिए जाने से पूरा शहर कई किलोमीटर लंबे जाम की गिरफ्त में आ गया.
बुधवार को भी शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं,जाम का असर रानीखेत रोड, आमडंडा, भवानीगंज,कोसी बैराज और हाईवे से जुड़े अन्य क्षेत्रों तक दिखाई दिया,काफी देर तक लोग वाहनों में फंसे रहे, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
मामले पर उपजिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान ने भी नाराजगी जताई, उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान इस तरह का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्रशासन को विश्वास में लिया जाना चाहिए था, उनके अनुसार एनएच विभाग ने प्रशासन को कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी,यदि पहले जानकारी मिलती तो ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पुलिस बल और वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा सकती थीं.
एसडीएम ने बताया कि मंगलवार को भी इसी मुद्दे पर एनएच अधिकारियों से बातचीत की गई थी और उन्हें दिन के समय खुदाई कार्य न करने की सलाह दी गई थी,उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान में पर्यटकों का अत्यधिक दबाव है, इसलिए दिन में निर्माण कार्य कराना उचित नहीं है, प्रशासन ने एनएच विभाग को निर्देश दिए हैं कि यदि कार्य आवश्यक है तो उसे रात के समय कराया जाए ताकि दिन के दौरान यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
वहीं स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भी एनएच विभाग के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि जब पर्यटन सीजन अपने चरम पर है और पहले से ही सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ है, तब बिना समुचित योजना और ट्रैफिक प्रबंधन के निर्माण कार्य शुरू करना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है,नागरिकों का आरोप है कि एनएच विभाग की इस कार्यशैली का खामियाजा आम जनता और पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है.
अब बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन स्वयं इस कार्य को लेकर अनभिज्ञ था, तो आखिर किस आधार पर एनएच विभाग ने इतनी व्यस्त अवधि में निर्माण कार्य शुरू कर दिया? फिलहाल शहरवासी यही उम्मीद कर रहे हैं कि विभाग जल्द स्थिति को सुधारते हुए यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए ठोस कदम उठाएगा।
Byte.-गोपाल सिंह चौहान,
उपजिलाधिकारी रामनगर



