Wednesday, October 21, 2026
HomeUttarakhandपौड़ी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई स्थानों पर भूस्खलन से...

पौड़ी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई स्थानों पर भूस्खलन से हाईवे बाधित, प्रशासन अलर्ट पर

रिपोर्टर: भगवान सिंह

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बुधवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यातायात और दैनिक गतिविधियों पर असर पड़ा है। प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

बारिश के चलते कोटद्वार–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतपुली मल्ली और बधालीखाल के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए। इसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से बाधित हो गया। सड़क बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु करने के प्रयास जारी हैं।

इस बीच मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिले के सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने को कहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करें।

बारिश का सिलसिला जारी रहने से जिले के संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।

- Advertisement -```html
```
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments