रिपोर्ट: भगवान सिंह
पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड खिर्सू के जाख शाखा डाकघर में खाताधारकों के खातों से कथित अवैध धन निकासी का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में दो खातों से अनियमित निकासी की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य खातों के रिकॉर्ड की गहन जांच अभी जारी है। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जांच टीम ने खंगाले खाते और रिकॉर्ड
शिकायत मिलने के बाद पौड़ी डाकघर से पहुंची विभागीय जांच टीम ने जाख शाखा डाकघर के जमा और निकासी से जुड़े सभी रिकॉर्ड की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में दो खातों में वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं। वहीं अन्य खातों के लेनदेन और अभिलेखों का सत्यापन अभी जारी है।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि शाखा पोस्ट मास्टर और सहायक शाखा पोस्ट मास्टर ने कई खाताधारकों की जानकारी और अनुमति के बिना उनके खातों से धनराशि निकाल ली। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि दोनों कर्मचारी पिछले लगभग छह महीनों से नियमित रूप से डाकघर नहीं पहुंच रहे थे, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने यह आरोप भी लगाया कि डाकघर में आने वाले सीलबंद डाक लिफाफों को खोलकर उन्हें इधर-उधर दुकानों में छोड़ दिया जाता था। इन शिकायतों की जानकारी पहले भी विभागीय अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
दो खातों से लाखों रुपये की कथित अवैध निकासी
क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत बिष्ट के अनुसार, बीते एक सप्ताह के दौरान दो बड़े मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि रामेश्वरी देवी के खाते से कथित रूप से 80 हजार रुपये और मुन्नी देवी के खाते से 1 लाख रुपये अलग-अलग तिथियों में अवैध रूप से निकाले गए।
दोनों खाताधारकों ने इस मामले में जिला डाक अधीक्षक, पौड़ी को लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की मांग की है।
दोनों कर्मचारी निलंबित, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मामले पर जानकारी देते हुए डाकघर अधीक्षक विपिन भट्ट ने बताया कि शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच पूरी होने तक उन्हें डाकघर पौड़ी से संबद्ध किया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रभावित खाताधारकों की धनराशि वापस दिलाने के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
क्षेत्र में बढ़ी चिंता, निष्पक्ष जांच की मांग
जाख शाखा डाकघर में सामने आए इस मामले के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों का डाक विभाग पर विश्वास बना रहे।



