रिपोर्टर: पंकज सक्सेना
हल्द्वानी और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब गौला बैराज पर भी दिखाई देने लगा है। बारिश के चलते बैराज का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है। संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तक गौला बैराज का जलस्तर 90,164 दर्ज किया गया। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण गौला नदी का बहाव भी तेज हो गया है। प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखते हुए सिंचाई विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं।
नैनीताल की जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि आपदा से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने मोबाइल फोन चालू रखें। किसी भी अधिकारी का फोन बंद मिलने पर उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन चाहता है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
इसके अलावा बैराज से आवश्यकतानुसार पानी छोड़े जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने गौला नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



