रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की क्षेत्र के गांव दौड़ बसी में नदी पर पुलिया का निर्माण लंबे समय से अधूरा होने के कारण ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। पुलिया नहीं बनने से परेशान ग्रामीणों ने ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए आगामी चुनाव में उनके बहिष्कार की चेतावनी दी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान दौड़ बसी और शाह मंसूर गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि कई बार शिकायत और मांग उठाने के बावजूद पुलिया निर्माण का कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से यह रास्ता पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। ऐसे में स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार बच्चों को जान जोखिम में डालकर पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बारिश के दौरान यदि किसी मरीज को अस्पताल ले जाना पड़े तो स्थिति और गंभीर हो जाती है। पुलिया नहीं होने के कारण समय पर इलाज मिलना मुश्किल हो जाता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द पुलिया निर्माण शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे तथा आगामी चुनाव में जनप्रतिनिधियों का बहिष्कार करेंगे।



