रुड़की: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में रुड़की में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नाराज़गी जताते हुए तहसील परिसर में धरना दिया और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन अपर तहसीलदार शुभांगी को सौंपा।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर हुई कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराने, कथित दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पेपर लीक से जुड़े मामलों की पारदर्शी जांच की मांग उठाई। इसके साथ ही परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की भी मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। उनका कहना था कि युवाओं का भरोसा बनाए रखने के लिए सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



