रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
मसूरी के पिक्चर पैलेस क्षेत्र में बस स्टैंड की ओर जाने वाले मार्ग पर एक निजी निर्माणाधीन भवन के पास वर्षा जल निकासी अवरुद्ध किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी यश गुप्ता ने आरोप लगाया है कि मॉल रोड से आने वाले बारिश के पानी के निकास को ईंटों की चिनाई कर बंद कर दिया गया है। उन्होंने इसे गंभीर समस्या बताते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
यश गुप्ता का कहना है कि जिस स्थान पर जल निकासी को रोका गया है, वह लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़क का हिस्सा है। उनका आरोप है कि बिना विभागीय अनुमति के वर्षा जल के प्राकृतिक बहाव को रोकना नियमों के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत भी सौंप दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश के पानी की निकासी जल्द बहाल नहीं की गई, तो सड़क पर जलभराव की स्थिति बन सकती है। लगातार पानी जमा रहने से सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होगी और भविष्य में सड़क के क्षतिग्रस्त होने या धंसने का खतरा भी बढ़ सकता है। इससे आम लोगों और वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ने की आशंका है।
यश गुप्ता ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को तुरंत बहाल किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना है कि सरकारी सड़क पर निजी निर्माण कार्य के कारण यदि सार्वजनिक सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित विभाग ने समय रहते उचित कदम नहीं उठाया, तो वह इस मामले को उपजिलाधिकारी (SDM) के समक्ष उठाएंगे। साथ ही सरकारी सड़क का निजी निर्माण कार्य के लिए उपयोग किए जाने की जांच और आवश्यक कार्रवाई की भी मांग करेंगे।



