रिपोर्टर: सचिन कुमार
देशभर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों और युवाओं का आक्रोश अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि उत्तराखंड में एक बार फिर पेपर लीक का मामला सामने आने से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नाराज़गी बढ़ गई है। इस बार मामला उत्तरांचल टेक्निकल यूनिवर्सिटी से जुड़ा है, जिसे लेकर कांग्रेस ने सरकार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस आज उत्तरांचल टेक्निकल यूनिवर्सिटी का घेराव करने जा रही है। पार्टी का कहना है कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है और सरकार इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा कि छात्रों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उनका आरोप है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले के दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस का कहना है कि राज्य में पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति होती रहेगी, जिसका सीधा असर लाखों छात्रों के भविष्य पर पड़ेगा।
फिलहाल कांग्रेस के प्रस्तावित घेराव को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है। इस प्रदर्शन पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर सभी की नजर बनी हुई है।



