रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: उत्तराखंड की प्रसिद्ध सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों लगातार बारिश और घने कोहरे की चपेट में है। मौसम भले ही चुनौतीपूर्ण बना हुआ हो, लेकिन पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे सैलानी मौसम का आनंद लेने के लिए लगातार शहर की खूबसूरत वादियों का रुख कर रहे हैं।
मंगलवार देर रात हुई भारी बारिश के कारण जिले में छह सड़कें बंद हो गईं। इनमें चार ग्रामीण सड़कें, एक प्रमुख राज्य मार्ग और एक जिला मार्ग शामिल हैं। प्रशासन की टीमें रास्तों को सुचारु करने में जुटी हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सुबह के समय शहर पूरी तरह घने कोहरे में ढका रहा। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। खराब मौसम के चलते स्कूलों में भी विद्यार्थियों की उपस्थिति सामान्य से कम दर्ज की गई।
मौसम की इन चुनौतियों के बावजूद नैनी झील में नौकाविहार करने वाले पर्यटकों की संख्या अच्छी रही। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बीच नाव की सैर का अनुभव पर्यटकों के लिए यादगार बन रहा है।
उत्तराखंड मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।



