उत्तराखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं, युवाओं के मुद्दों और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
डॉ. गौरव चौधरी ने आरोप लगाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर श्रद्धालु व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल युवाओं के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने जंतर-मंतर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे घटनाक्रमों से कांग्रेस डरने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला है और आगामी चुनाव में जनता सरकार को जवाब देगी।
कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए डॉ. चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि उत्तराखंड में व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।
युवाओं के मुद्दे पर भी कांग्रेस नेता ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी खर्च से कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों की आवाज को दबाने और उनका ध्यान मूल समस्याओं से हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सरकार से युवाओं के भविष्य, रोजगार और उनकी समस्याओं पर गंभीरता से काम करने की मांग की।



