रुड़की/पिरान कलियर। साबिर पाक के सालाना उर्स के दौरान मंगलवार रात पिरान कलियर स्थित दरगाह पहाड़ी गेट के पास अजमेरी बाजार में स्थित ज्वेलरी की दुकानों में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल की टीम लगभग 20 मिनट की देरी से मौके पर पहुंची। इस दौरान आग तेजी से फैलती रही और आसपास की दुकानों तक पहुंचने का खतरा बना रहा।
दमकल के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। उर्स के चलते क्षेत्र में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद थे, जिसके कारण बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। दमकल विभाग की टीम के पहुंचने के बाद आग बुझाने का अभियान तेज किया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण संदिग्ध बताए जा रहे हैं, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
साबिर पाक के सालाना उर्स के दौरान देशभर से हजारों जायरीन पिरान कलियर पहुंच रहे हैं। ऐसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले समय में मुख्य बाजार क्षेत्र में आग लगने तथा दमकल विभाग के विलंब से पहुंचने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उर्स मेले के दौरान दमकल वाहनों और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।



