देहरादून: भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड की सियासी और संगठनात्मक मौजूदगी मजबूत हुई है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम का ऐलान किया है, जिसमें उत्तराखंड के चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को बीजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं संगठन के अनुभवी नेता महेंद्र पांडेय को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। गढ़वाल से लोकसभा सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक का दायित्व सौंपा गया है।
बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को जगह मिलने को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक घटनाक्रम माना जा रहा है। खासतौर पर संगठन, मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन से जुड़े अहम पदों पर उत्तराखंड के नेताओं की नियुक्ति से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की भूमिका और मजबूत होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नई राष्ट्रीय टीम के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नई टीम पार्टी को और मजबूती देने के साथ संगठन के विस्तार और चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बीजेपी की नई टीम में अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और आधुनिक मीडिया एवं डिजिटल कम्युनिकेशन पर खास जोर दिखाई दे रहा है। ऐसे में उत्तराखंड के इन चार नेताओं को मिली जिम्मेदारियां आने वाले समय में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन और चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम मानी जा रही हैं।



